बंजार (कुल्लू)। क्रिसमस, न्यू ईयर और विंटर सीजन के लिए जिभी व सोझा क्षेत्र के पर्यटन कारोबारियों को उनके होटल व होमस्टे में रुकने वाले पर्यटकों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी।
सड़क पर गाड़ी पार्क नहीं होगी और पुलिस इस पर कार्रवाई करेगी। बंजार पुलिस ने इसको लेकर गाइडलाइन जारी करते हुए कारोबारियों को लाउडस्पीकर व डीजे को सीमित समय अवधि तक चलाने के भी निर्देश दिए हैं।
वहीं, पुलिस ने बिजली बोर्ड बंजार के सहायक अभियंता से भी अपील की है कि पर्यटन सीजन के दौरान निर्बाध एवं नियमित बिजली आपूर्ति को सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक बिजली कटौती से बचाने और आपात स्थिति में त्वरित बहाली व्यवस्था करने को कहा है।
इसके अलावा जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन को भी पत्र जारी कर कहा है कि वह सभी होटल व होमस्टे संचालकों को निर्देश दें कि वे अपने अतिथियों के वाहनों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था स्वयं सुनिश्चित करें। सड़क किनारे या सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी वाहन की अवैध पार्किंग की अनुमति न दी जाए। उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार जुर्माना किया जाएगा। इसके अलावा लाउड म्यूजिक एवं डीजे को सीमित समयावधि में चलाने के निर्देश दिए जाएं ताकि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।
इस दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा से संबंधित समस्त दायित्व पुलिस विभाग द्वारा नियमानुसार निभाए जाएंगे। डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात को सुचारु रखा जाएगा। जिभी वैली टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के महासचिव ललित कुमार ने भी घाटी के तमाम होटल व होमस्टे संचालकों से पुलिस द्वारा जारी निर्देशों को पालन करने की अपील की है।