-कुल्लू में नई कार्यकारिणी का किया गया गठन
........................
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ कुल्लू की नई कार्यकारिणी का रविवार को गठन किया गया। अधिवेशन में हितेंद्र साहसी को जिला अध्यक्ष चुना गया। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों को संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
अधिवेशन में महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश ठाकुर, प्रदेश प्रेस सचिव पंकज शर्मा, जिला मंडी अध्यक्ष हेत राम शर्मा, मंडी जिला प्रभारी विजय कुमार, प्रिया ठाकुर सहित विभिन्न पदाधिकारी और कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
महासंघ ने प्रदेश सरकार से लंबित महंगाई भत्ते की किस्तें जारी करने और वेतन एरियर का भुगतान करने की मांग की। इसके अलावा छठे वेतन आयोग से संबंधित लंबित एरियर का भी जल्द निपटारा करने की मांग उठाई गई। अधिवेशन में टीईटी प्रभावित शिक्षकों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई।वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सरकारी सेवा में कार्यरत शिक्षकों की समस्याओं को मानवीय और व्यावहारिक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों की जायज मांगों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही। महासंघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाने और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने पर भी जोर दिया। संवाद