जिला मुख्यालय से कट गई आनी निरमंड की 69 पंचायतें
बर्फ की चांदी से लिपट गई घाटी, किसान-बागवानों के चेहरे खिले
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सर्दी का पहला हिमपात होने से औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 यातायात के लिए बंद हो गया है। इससे बाह्य सराज की 69 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।
वीरवार रात को मौसम ने करवट बदली। इसके बाद बर्फबारी का दौर जारी है। पारा भी गिर गया है। दर्रा बंद होने से बाह्य सराज आनी-निरमंड की सवा लाख आबादी का संपर्क टूट गया है। अब वाया शिमला या करसोग होकर जिला मुख्यालय आना होगा। बर्फबारी के बाद हाईवे के बंद होने से निगम की चार से पांच बसें भी फंस गई हैं।
10281 फीट ऊंचा जलोड़ी दर्रा बंद होने से बाह्य सराज के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि बर्फबारी और बारिश से कुल्लू जिले के बागवानों और किसानों ने राहत की सांस ली है। माता बूढ़ी नागिन की पवित्र वास स्थली सरयोलसर भी श्रद्धालुओं के लिए आगामी चार माह के लिए बंद हो गया है। करीब साढ़े तीन माह बाद मौसम में आए बदलाव से कुल्लू की वादियां बर्फ से चांदी की तरह सफेद हो गई हैं। रघुपुर घाटी का संपर्क न केवल जिला मुख्यालय से कटा है, बल्कि उप मंडल मुख्यालय पहुंचना भी अब चुनौती बन गया है। जानकारी के अनुसार जलोड़ी दर्रा में 30 सेंटीमीटर, रघुपुरगढ़ में 30 सेंटीमीटर, सोझा में 20 सेंमी और शुश में 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फ रिकॉर्ड की गई है।