कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कैथ लैब स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे अब जल्द यहां हृदय रोगों से संबंधित मरीजों को टेस्ट की सुविधा उपलब्ध होगी। कैथ लैब स्थापित होने के बाद मरीजों को उपचार के लिए पीजीआई और आईजीएमसी नहीं जाना पड़ेगा। इस लैब के स्थापित होने से कुल्लू के साथ लाहौल-स्पीति, चंबा के पांगी और मंडी जिले के सराज घाटी के लोगों को भी फायदा मिलेगा।
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थापित होने वाली कैथ लैब के लिए आए 12 करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग के पास जमा कर दिए हैं। औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद कैथ लैब स्थापित करने का कार्य आरंभ कर दिया गया। इस बजट से लैब के लिए जगह व्यवस्थित करने के साथ उपकरण खरीद से संबंधित प्रक्रिया भी अमल में लाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डाॅ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला कुल्लू के अलावा अन्य तीन जिलाें के मरीजों को सुविधाएं प्रदान करने वाले कुल्लू अस्पताल में जल्द कैथ लैब स्थापित कर दी जाएगी। इसका कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब हृदय रोगियों को उपचार और टेस्ट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। संवाद