भुंतर (कुल्लू)। भुंतर स्थित शाढ़ाबाई के बंजर में दो दिवसीय देवता मेले के दौरान बुधवार को कुश्ती का आयोजन किया गया। भुंतर सुधार समिति के उपाध्यक्ष रोशन लाल कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्यातिथि रहे। बंजर में दो दिवसीय मेले में देवता बालक महेश्वर बजौरा, माता हिडिंबा भुंतर और माता कोयला नगवाईं शामिल रहीं, जिन्होंने लोगों को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दिया।
मेले में देव नृत्य, देव मिलन के साथ कई राज्यों से आए पहलवानों का दंगल आकर्षण का केंद्र रहा है। इसमें युवा पहलवानों ने भी अपना जौहर दिखाया और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। वहीं महिला पहलवान ने पुरुष पहलवान को पटकनी देकर खूब वाहवाही लूटी। दंगल में हमीरपुर के दीपक पहलवान ने रोपड़ पंजाब के पंकज को पटकनी देकर दंगल की माली अपने नाम की।
कमेटी ने बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को इनाम देकर सम्मानित किया। कुश्ती कमेटी बंजर के प्रधान जगदीश व समस्त सदस्यों ने बताया कि इस मेले एवं कुश्ती को सफल बनने में क्षेत्र की जनता, का भरपूर सहयोग मिला है। जगदीश ने बताया कि भुंतर सुधार समिति के उपाध्यक्ष रोशन लाल का हमेशा पूरा सहयोग मिलता है। दंगल में झाबे राम ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस मौके पर भुंतर सुधार समिति के उपाध्यक्ष सोनू चौहान, महासचिव रविंद्र परमार, डीआर आनंद, झावे राम, हेतराम, बिशन कुमार,वरुण कुमार उपस्थित रहे।