शिव मंदिर भुंतर में पेंशनर फेडरेशन की खंड स्तरीय बैठक में उठाई मांग
बंजार अग्निकांड प्रभावितों को स्वेच्छा से राशि जारी करें उपायुक्त : पेंशनर
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तांदी गांव में अग्निकांड प्रभावितों की मदद के लिए उपायुक्त स्वेच्छा राशि जारी करें, जिससे उन्हें जीवनयापन में किसी तरह की परेशानी न आए। यह बात हिमाचल पेंशनर फेडरेशन भुंतर खंड के पेंशनरों ने कही।
भुंतर स्थित शिव मंदिर में फेडरेशन के भुंतर खंड की मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता खंड अध्यक्ष एनके हांडा ने की। फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहे। खंड अध्यक्ष एनके हांडा ने कहा कि उपायुक्त बंजार अग्निकांड प्रभावितों की मदद के लिए प्रशासनिक तौर पर मदद करें। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को निर्देश जारी करें कि मणिकर्ण चौक पर भुंतर-हाथीथान के बीच आवाजाही के लिए अस्थायी पुल का निर्माण करें।
प्रदेशाध्यक्ष टीडी ठाकुर ने कहा कि सरकार पेंशनरों को हर माह एक तारीख को पेंशन मुहैया करवाए। इसके अलावा जेसीसी का गठन भी किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेलिकाप्टर की सेवाएं बंद करें और पेंशनरों के लंबित वित्तीय लाभों को जारी करें। एचआरटीसी के लिए बसें खरीदने से पूर्व पेंशनरों की स्थायी पेंशन का समाधान भी करें।