सैंज (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शांघड़ में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में बंजार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तेजा सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने स्कूल के विकास के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 35,000 रुपये भी दिए।
अध्यापकों की कमी से जूझ रहे स्कूल में एसएमसी के तहत रखे दो अध्यापकों को चार माह का वेतन देने की घोषणा भी की। प्रधानाचार्य प्रताप नेगी ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। छात्राओं की नाटी ने खूब धूम मचाई। कोयला एवं सहेलियों की पहाड़ी नाटी, दीक्षा एवं सहेलियों का समूह गान भी सराहनीय रहा।
वंशिका एवं सहेलियां ने ...मइया यशोदा गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। तू लौंग वे मैं इलाइची गीत पर प्राथमिक स्कूल शांघड की प्रस्तुति पर खूब तालियां बजीं। मीनाक्षी एवं सहेलियों ने समूह गान, शालू एवं सहेलियों ने पहाड़ी नाटी, यमुना एवं सहेलियों ने तेरा लहंगा गीत पर नृत्य किया। पहाड़ी नाटक गौरव एवं साथियों ने प्रस्तुत किया।
पहाड़ी नाटी प्राथमिक स्कूल शांघड की छात्राओं ने पेश की और समूह नृत्य शिवांगी एवं सहेलियों ने प्रस्तुत किया। स्कूल की छात्रा प्रिया, सलोनी नेगी, तान्या नेगी, सौरभ, राहुल, पियूष, शिवांगी, प्रिया, गौरव सिंह, कोयला, गीता, रितिका, माया, लबली, सुमन, स्नेहा नेगी, अमन, हिमांशू, मनीष, दिवाशा, मोनिका, रूमा आदि को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष डोला महंत, जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, प्रेम ठाकुर, जीवन बिष्ट, लारजी पंचायत प्रधान गुडू राम, शांघड की प्रधान गुड्डी देवी, बीडीसी सदस्य तारा सिंह राणा आदि मौजूद रहे। संवाद