विश्व हिंदू परिषद कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति इकाई ने उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को गौ हत्या के संदर्भ में ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में नाहन में हुई गौ तस्करी पर उचित कार्रवाई करने की मांग की गई। विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि तस्करी में पांच अभियुक्त थे, जिसमें नूमान नामक गौ तस्कर की मृत्यु हो गई है।
विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी राहुल सोलांकी का कहना है कि पुलिस एवं अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से यह घटना हुई है। उन्होंने कहा कि गौ तस्कर नूमान की मृत्यु अधिक ठंड के कारण हुई या फिर किसी अन्य कारण से, इस पर पुलिस प्रशासन झूठ बोल रहा है कि नूमान की मृत्यु पिटाई के कारण हुई है। विश्व हिंदू परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश से मांग की है कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय को प्रदेश में सख्ती से लागू किया जाए। इसके साथ ही मामले में नियुक्त अधिकारियों को बर्खास्त कर एडीएम मजिस्ट्रेट से इस मामले की जांच करवाने के आदेश जारी करने की गुहार लगाई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विश्व हिंदू परिषद के मीडिया प्रभारी राहुल सोलंकी, जोगिंद्र शुक्ला, हरीश चंद्र गौतम, प्रशांत, सिद्धांत अवस्थी, टूटू मलिक, हरीश ठाकुर, अश्विन, अभिनीश कात्यायन, प्रेम लाल, कृष्ण ठाकुर, संजीव शर्मा, सतीश ठाकुर, अनिल ठाकुर, नरेंद्र सिंह ठाकुर, राजेश ठाकुर के साथ कुल्लू तथा लाहौल-स्पीति के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।