फलोत्पादक मंडल कुल्लू ने बढ़ाया समय, पहले 15 नवंबर तक थी तिथि
बागवानों को उपलब्ध करवाए जाएंगे विदेशी नर्सरियों में तैयार सेब के पौधे
विदेशी वैरायटी के पौधों की बुकिंग के समय देनी होगी 50 फीसदी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। फलोत्पादक मंडल कुल्लू ने सेब के पौधों की बुकिंग के लिए समय अवधि बढ़ा दी है। अब बागवान 30 नवंबर तक पौधाें की बुकिंग कर सकते हैं। इससे पहले 15 नवंबर तक बुकिंग करने का समय था।
समय अवधि बढ़ने से बागवानों को राहत मिली है। गौर रहे कि इस बार फलोत्पादक मंडल बागवानों को विदेशी नर्सरियों में तैयार सेब के पौधे मुहैया करवा रहा है। बागवान भी बगीचों में बेल्जियम की केरोलस नर्सरी में तैयार गाला बिग बक्स (फ्लेश गाला) और इटली की निश्लर नर्सरी में तैयार शनिको रेड गाला और मेमा गाला 16316 किस्तें बगीचों में लगा सकेंगे। फलोत्पादक मंडल के अध्यक्ष प्रेम शर्मा ने कहा कि विदेशी वैरायटी के इन सेब पौधों को लेने के लिए बागवानों को फलोत्पादक मंडल के पास बुकिंग करवानी होगी। सेब पौधे लेने के लिए बागवान को फलोत्पादक मंडल के पास 50 फीसदी अग्रिम राशि भी जमा करवानी होगी। सेब पौधे में 25 सेंटीमीटर के अधिक के 7 से अधिक फेदर होंगे। 5 से 7 फेदर वाले पौधाें का मूल्य 50 रुपये कम होगा। वैरायटी से संंबंधित पौधे में 100 फीसदी की गारंटी होगी। पौधे वायरस रहित होंगे। उन्होंने कहा कि गाला बिग बक्स (फ्लेश गाला) की 890 रुपये, शनिको रेड गाला 800 रुपये और मेमा गाला 16316 वैरायटी के प्रति पौधे की कीमत 800 रुपये रखी गई है।