सब्जी मंडी कुल्लू में गाला सेब को बॉक्स में पैक करते हुए।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले की स्थानीय सब्जी मंडियों में सेब की अर्ली वैरायटी अमेरिकन गाला के दामों में भारी गिरावट आई है। जिले में शुक्रवार को गाला सेब 110 रुपये प्रति किलो बिका। पिछले रविवार को सेब की इस अर्ली वैरायटी के बागवानों को मंडियों में 152 रुपये प्रति किलो तक दाम मिले थे। महज पांच दिनों के भीतर ही गाला वैरायटी के दाम 42 रुपये तक गिरे हैं।
सीजन के शुरूआती दौर में एकाएक सेब के दाम गिरने से बागवानों की चिंता बढ़ने लगी है। आढ़ती और व्यापारियों की मानें तो बारिश के कारण देश की विभिन्न बड़ी सब्जी मंडियों में फसल की मांग कम हुई है। भूस्खलन होने से सड़कों की हालत खराब हो रही है। इससे फसल मंडियों में पहुंचने से पहले दागी हो रही है। ऐसे में सेब के दामों में गिरावट आ रही है। आगामी दिनों में सेब की कीमतों में उछाल आने की उम्मीद है। सेब की अर्ली वैरायटी अमेरिकन गाला रॉयल से अधिक चमकदार होता है। इस वैरायटी की मंडियों में अधिक मांग रहती है। लेकिन घाटी में लगातार हो रही बरसात का असर सेब सीजन पर भी देखने को मिल रहा है। रविवार से वीरवार तक गाला सेब 145 से 152 रुपये प्रति किलो के भाव से बिका है। लेकिन शुक्रवार को दामों में एकाएक गिरावट आई है। बागवान बुधराम, मोहन, सुरेश, जीवन, प्रीतम ने कहा कि अमेरिकन गाला के शुरूआती दिनों में बेहतर दाम मिलने से बागवानों को आर्थिकी में सुधार की उम्मीद थी। अब दाम गिरने से आगामी दिनों में कीमत को लेकर असमंजस की स्थिति बन रही है। उधर, इस संबंध में कुल्लू और स्नोअर वैली आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष खुशहाल ठाकुर ने कहा कि लगातार बारिश का असर फल सीजन पर पड़ा है। सेब की गाला वैरायटी के अलावा प्लम और नाशपाती की कीमतें भी कम हुई हैं।