भुंतर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बजौरा में छात्रा वर्ग की अंडर-19 खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। तीन दिन तक चली प्रतियोगिता में 26 विद्यालयों की 405 खिलाड़ियों ने खिताब हासिल करने के लिए खूब पसीना बहाया। प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी कुल्लू के घनश्याम शर्मा ने किया। उन्होंने विजेता टीमों की खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कबड्डी का फाइनल मुकाबला गड़सा और थरास के बीच खेला गया। इसमें गड़सा ने थरास को हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। वॉलीबाल में जरी विजेता और बरशैणी उपविजेता बना। खो-खो में दियार ने थरास को मात देकर पहला स्थान पाया, जबकि थरास उपविजेता रहा। बैडमिंटन में गड़सा विजेता और भुट्ठी उपविजेता बना।
मार्चपास्ट में बजौरा ने पहला स्थान हासिल किया। स्कूल की प्रधानाचार्य कविता कपूर ने कहा कि जीवन में खेलकूद महत्वपूर्ण है। खेल प्रतियोगिताओं से बच्चों में स्कूल स्तर से ही आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। खेलकूद से विद्यार्थी शारीरिक और मानसिक तौर पर स्वस्थ रहते हैं। कहा कि किताबी ज्ञान के अलावा बच्चों को खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और हर मंच पर स्वयं को कामयाब बना पाएंगे। संवाद
000