तराशी गांव के युवाओं ने किया रेस्क्यू, तीन ने बटाहर रांगड़ी और एक ने तराशी में की लैंडिंग
सभी पैराग्लाइडर पायलट सुरक्षित, पतलीकूहल पुलिस टीम ने भी किया घटनास्थल का दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिले की डोभी पैराग्लाइडिंग साइट पर सोमवार शाम को अचानक मौसम बिगड़ने से चार पैराग्लाइडर हवा के तेज बहाव में रास्ता भटक गए। इनमें तीन पैराग्लाइडर बटाहर रांगड़ी में उतरे, जबकि एक तराशी गांव में उतरा।
गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ, अन्यथा इनकी जान पर बन सकती थी। उधर, तराशी गांव में पहुंचा पैराग्लाइडर बिजली के तारों से लटक गया। उसे काफी मशक्कत के बाद गांव के युवाओं ने रेस्क्यू किया। पैराग्लाडिर सुरक्षित है।
जिले में सुबह के समय मौसम साफ था। दोपहर बाद अचानक बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। डोभी से उड़ान भरने वाले ग्लाइडर हवा के प्रवाह के साथ पतलीकूहल की ओर चले गए। पतलीकूहल बाजार के ऊपर पैराग्लाइडर उड़ते नजर आए तो स्थानीय लोगों में कौतुहल मच गया। लोग घरों से निकलकर आसमान में मंडराते पैराग्लाइडरों को देखने लगे। स्थिति को भांपते हुए पायलटों ने सुरक्षित लैंडिंग के लिए उपयुक्त स्थान तलाशे। हालांकि, इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अगर पायलटों ने सतर्कता नहीं बरती होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। डोभी पैराग्लाइडिंग साइट्स में आमतौर पर पहाड़ी क्षेत्र फलाइन से टेक-ऑफ किया जाता है, जबकि लैंडिंग डोभी मैदान में होती है। खराब मौसम के कारण चार पायलट तय स्थान पर लैंडिंग नहीं कर सके।
पतलीकूहल थाना एसएचओ रजत ने बताया कि सभी पायलट सुरक्षित हैं। तराशी गांव में फंसे एक ग्लाइडर को भी सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिर भी पतलीकूहल पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है।
डोभी पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष नकुल महंत ने बताया कि सभी पायलट सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है। जिला पर्यटन अधिकारी सुनैना शर्मा ने कहा कि डोभी समेत सभी पैराग्लाइडिंग साइट्स पर सुरक्षा के लिए मार्शल तैनात किए गए हैं, जिससे नियमानुसार उड़ान संचालित हो।