अटल सदन कुल्लू में होगा शिक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित अटल सदन में शिक्षा संवाद कार्यक्रम होगा। समग्र शिक्षा के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान यह कार्यक्रम 16 मार्च को करवाएगा।
इसमें जिले के सातों शिक्षा खंडों के विद्यालयों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और शिक्षक शामिल रहेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) को सम्मानित किया जाएगा। जिले के सात शिक्षा खंडों के स्कूलों की प्रबंधन समितियों को पुरस्कार के लिए चयनित किया है। इसके लिए हर शिक्षा खंड से प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक श्रेणी से एक-एक समिति को सम्मान मिलेगा। जिला स्तर पर तीन समितियों को सम्मानित किया जाएगा।
दसवीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों और उल्लास कार्यक्रम के तहत अक्षर ज्ञान प्राप्त करने वाले निरक्षर व्यक्तियों को सम्मान दिया जाएगा। उधर, समग्र शिक्षा के सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम के समन्वयक अजीत बौध ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाली स्कूल प्रबंधन समितियों, मेधावी विद्यार्थियों और उल्लास कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को सम्मान दिया जाएगा।