आपदा के साढ़े तीन माह हाइवे-305 पर शुरू हुए चार बस रूट। संवाद
कुल्लू-रामपुर के साथ कुल्लू-बागीपुल रूट पर भी दौड़ने लगीं बसें
पर्यटकों के साथ बाह्य सराज की 69 पंचायतों को मिल रही सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। आपदा के चलते साढ़े तीन माह बाद बसों के लिए बहाल हुए हाईवे-305 पर अब धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। अब हाईवे से चार बस रूट शुरू हो गए हैं।
जलोड़ी दर्रा से होकर निगम के छह रूट चलते हैं। चार रूटों पर आठ बसों का संचालन हो गया है। इससे बाह्य सराज के लोगों के साथ पर्यटकों को भी सुविधा हो रही है। आपदा के कारण हाईवे -305 पर बसों की आवाजाही 25 जून से बंद थी।
14 अक्तूबर से औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 बसों के लिए खुल गया है। पहले दिन दो रूटों पर बसें भेजी गईं। अब दो रूटों पर भी बसों की आवाजाही शुरू हो गई है। कुल्लू-आनी-बागासराहन और कुल्लू-बंजार-दलाश बस के बाद कुल्लू-आनी-रामपुर और कुल्लू-बंजार-आनी-बागीपुल के लिए भी बसें चल रही हैं। निगम का दावा है कि कुल्लू से आनी के लिए दोपहर 1:40 चलने वाली बस सेवा भी जल्द शुरू की जाएगी। कुल्लू-आनी वाया शुश-कोठी बस को अभी समय लग सकता है। बताया जा रहा है कि माशनूनाला-शुश-कोठी तक सड़क की हालत अभी बस योग्य नहीं है। लोक निर्माण विभाग इस सड़क मरम्मत में जुटा है।
हाईवे-305 पर बसें चलने से बाह्य सराज के लोगों को राहत मिली है। सैलानी भी औट से बंजार तक वादियों को निहार सकेंगे। बाह्य सराज की 69 पंचायतों के लोगों का जिला मुख्यालय आना-जाना आसान हो गया है। खासकर मरीजों को बड़ी राहत मिली है। लाल चंद ठाकुर, जगदीश ठाकुर, मनोहर लाल और मान सिंह ने कहा कि आपदा से तहस-नहस हुए हाईवे को एनएचएआई ने कड़ी मशक्कत के बाद बसों के लिए बहाल किया है। उधर, बस अड्डा कुल्लू के प्रभारी बंजार दीप चंद ने कहा कि हाईवे-305 पर चार रूटों की आठ बसों जलोड़ी दर्रा से आर-पार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि निगम के दो अन्य रूटों को भी जल्द चलाया जाएगा।