केलांग में 26 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीवरेज योजना का आधारशिला रखते केंद्रीय मंत
किरण रिजिजू बोले- बुद्धिस्ट डेवलपमेंट प्लान से होगा मठों और गोंपा का जीर्णोद्धार
कहा- विकास की दृष्टि से लाहौल-स्पीति को आगे ले जाना दोनों सरकारों की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। केलांग में शुक्रवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक एवं संसदीय मामले मंत्री किरण रिजिजू ने 26 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीवरेज योजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से केलांग और बिलिंग की लगभग 9600 की आबादी लाभान्वित होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मल निकासी योजना के शिलान्यास से क्षेत्र में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा। लाहौल के प्राचीन मठों और प्रमुख गोंपाओं के जीर्णाेद्धार के लिए बुद्धिस्ट डेवलपमेंट प्लान बनाकर सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। विकास की दृष्टि से लाहौल-स्पीति को आगे ले जाना दोनों सरकारों की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक्सट्रीम बॉर्डर एरिया क्षेत्र के लोगों तक मुलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए गृह मंत्रालय ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम चलाया है।
इससे पहले विधायक अनुराधा राणा ने मल निकासी परियोजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताया। कहा कि इस योजना से सालों पुरानी मांग पूरी होगी। अल्पसंख्यक मामले मंत्रालय के संयुक्त सचिव और आईएएस अधिकारी राम सिंह ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि केंद्र सरकार से जारी होने वाली परियोजनाओं के बजट का समय पर सदुपयोग सुनिश्चित करें।
स्थानीय व्यंजनों का उठाया लुत्फ
सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत ने कोकसर में उबले हुए लोकल लाल आलू का स्वाद लिया। जिप सदस्य निर्मला ने कहा कि केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और सांसद ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बक व्हीट काठु से बने लाहौली चिलड़ा की खूब तारीफ की। बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान और अन्य मेहमानों ने नमकीन चाय, चिलड़ा, खबचे (मटर) का भी आनंद लिया।