कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में काउटर को जाने के लिए लगे पोस्टर।संवाद
कुल्लू अस्पताल प्रबंधन ने सीढि़यों के पास लगाए निशान, काउंटर नंबर भी लिखे
आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड एक्टिवेट करवाने के लिए भटक रहे थे तीमारदार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल में स्थापित आयुष्मान काउंटर तक पहुंचने की राह आसान हो गई है। अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल की सीढि़यों के पास काउंटर नंबर लिखकर निशान लगा दिए हैं। इससे मरीजों के तीमारदारों को आसानी से पता लगेगा कि काउंटर अस्पताल में कहां और किस जगह है।
अमर उजाला ने मरीजों और तीमारदारों की इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन हरकत में आया और अब निशान लगाए गए हैं।
गौरतलब कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू का आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड एक्टिवेट करवाने के लिए तीमारदारों को कोना-कोना तलाशना पड़ रहा था। अस्पताल में आयुष्मान भारत काउंटर ऐसे स्थान पर स्थापित है, जिसे ढूंढना आसान काम नहीं है। काउंटर अस्पताल की चौथी मंजिल पर स्थापित है, लेकिन उपचाराधीन मरीजों को पुरानी मंजिल में भर्ती किया जाता है। ऐसे में तीमारदारों को पांच मंजिला पुराने के साथ पांच मंजिला नए भवन के बीच दौड़ लगानी पड़ती है। अब नई और पुरानी मंजिल की सीढि़यों पर निशान लगा दिए गए हैं और काउंटर तलाशने में अब परेशानी नहीं होगी। उधर, इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ताराचंद ने कहा कि आयुष्मान भारत काउंटर को बदलने पर विचार किया जा रहा है। कहा कि तीमारदारों को काउंटर तलाशने में परेशानी दिक्कत न आए, इसके लिए सीढि़यों के साथ निशान और काउंटर नंबर लिख दिया गया है।