कुल्लू। पार्वती घाटी में पीणी पंचायत के तहत आने वाले बनाशा गांव में बिजली से करंट लगने पर पोल से गिरकर फोरमैन की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। बिजली का काम करने के लिए फोरमैन पोल पर चढ़ा था। इस बीच उसे करंट लग गया, जिससे वह नीचे गिर गया। हालांकि उसे उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया था। लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार युवराज, निवासी परगाणु, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू पीणी पंचायत के बनाशा गांव में बिजली बोर्ड में कार्यरत था। वह दिन को बिजली के पोल में कार्य कर रहा था। करंट लगने के बाद वह पोल से गिर गया। पोल से गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, इस संबंध में पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस ने घटना के संबंध में ब्यान दर्ज किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की आगामी छानबीन चल रही है।