जिले के सरकारी विभागों और लोगों से विद्युत बोर्ड कुल्लू से लाखों की वसूली करनी है। इस सूची में कुल्लू शहर की नगर परिषद सबसे आगे है। बिजली बिल चुकता न करने पर बोर्ड ने नगर परिषद कुल्लू को नोटिस जारी किया है। नगर परिषद कुल्लू के पास बिजली बोर्ड का सबसे अधिक बकाया है। बिजली बिल का समय पर भुगतान न होने पर बोर्ड को दिक्कतें पेश आ रही हैं। वर्तमान में नगर परिषद कुल्लू के पास बिजली बोर्ड की 34 लाख, 14 हजार और 916 रूपये की राशि पेंडिंग है। जिसका लंबे समय से भुगतान नहीं हो पाया है। यह बिल कुल्लू शहर की स्ट्रीट लाइटों का है। नगर परिषद के लिए इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना मुश्किल हो गया है।
इसके अलावा सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग बिल अदा न करने वालों में दूसरे नंबर पर है। आईपीएच विभाग के पास बिजली बोर्ड के बिजली बिलों का 16 लाख, 72 हजार और 944 रुपये बकाया है। इस रकम को आईपीएच विभाग चुकता नहीं कर पाया है। बिजली बोर्ड द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने पर अभी तक नगर परिषद और आईपीएच विभाग ने बिल चुकता नहीं किए हैं।
वहीं, कुल्लू मंडल वन के 132 उपभोक्ताओं के पास भी 8 लाख से अधिक राशि बकाया है। बकाया राशि की उगाही के लिए बोर्ड अब सक्रिय हो गया है और नोटिस जारी कर बकाया राशि देने का आग्रह कर रहा है। इधर, इस संबंध में बिजली बोर्ड कुल्लू मंडल-एक के सहायक अभियंता विमल प्रकाश ने कहा कि कुल्लू नगर परिषद और आईपीएच विभाग के पास बिजली बोर्ड की लाखों की राशि बकाया है। नप कुल्लू का अधिक बकाया होने पर नोेटिस जारी किया गया है। बकाया राशि न मिलने से दिक्कतें पेश आ रही हैं। नप कुल्लू के अलावा आईपीएच विभाग कुल्लू से अधिक राशि बकाया है।