खाद्य आपूर्ति विभाग ने दुकानों से भरे दालों के सैंपल।
- फोटो : अमर उजाला
कुल्लू के शमशी में जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी ने विभिन्न दुकानों से शक के आधार पर खाद्य सामग्रियों के पांच सैंपल भरे हैं। जिन्हें जांच के लिए फूड टेस्टिंग लैब कंडाघाट में भेजा जाएगा। लैब रिपोर्ट के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी। एफएसओ की दबिश से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। दुकानों में मिल रहे राशन की गुणवत्ता जांचने के उद्देेश्य से एफएसओ कुल्लू भविता टंडन ने बुधवार को शमशी बाजार में दबिश दी।
इस दौरान उन्होंने दुकानों में निरीक्षण किया और दुकानदारों को एफएसएसए एक्ट के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान एफएसओ ने शमशी बाजार की कुछ दुकानों से शक के आधार पर पांच खाद्य सामग्रियों के सैंपल भरे। जिनमें दाल चना, अरहर, धुली मुंगी, माश साबुत और अन्य शामिल है। दबिश के दौरान एफएसओ भविता टंडन ने सभी दुकानदारों को स्वच्छता व अन्य आवश्यक दस्तावेज रखने के निर्देश दिए।
शमशी से भरे गए सभी पांच खाद्य सामग्रियों को जांच के लिए कंडाघाट फूड टेस्टिंग लैब भेजा जाएगा। लैब में जांच परख के बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्यवाही होगी। उल्लेखनीय है कि फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट 2006 के प्रावधानों के अनुसार फेल या मिसब्रांडेड सैंपल का अभियोग एडीएम कोर्ट में साबित होने पर लाखों रुपये जुर्माना हो सकता है। इस संबंध में एफएसओ भविता टंडन ने बताया कि बुधवार को शमशी में दुकानों से दालों के पांच सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। विभाग का अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।