कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। ढाबों, फूड स्टॉल और मिठाई की दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए हाथों में दस्ताने और सिर पर टोपी पहनना अनिवार्य किया गया है। निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उत्सव के दौरान प्रदर्शनी मैदान, खेल मैदान, कलाकेंद्र चौक, कॉलेज चौक, सरवरी और लोअर ढालपुर में बड़ी संख्या में मिठाई की दुकानें, ढाबे और फूड स्टॉल लगाए गए हैं। यहां रोजाना श्रद्धालु और पर्यटक खाने-पीने की चीजें खरीद रहे हैं। ऐसे में भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक स्वच्छता के मानकों का पालन करना जरूरी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य कारोबार से जुड़े कर्मचारियों के मेडिकल परीक्षण के बाद प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। अब कार्यस्थल पर स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन भी अनिवार्य किया गया है। विभागीय टीमें विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण कर नियमों की जांच करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि दशहरा उत्सव के दौरान लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग सतर्क है। खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और कर्मचारियों के लिए निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। जांच के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद