कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में रविवार दोपहर बाद तीन बजे तक मौसम साफ रहा। बाद में आसमान में बादल छाने से ऊंची चोटियों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है।
मौसम के ठंडा होने से बागवानों की चिंता कम नहीं हो रही है और सेब सेटिंग पर इसका असर पड़ रहा है। जिला के कई इलाकों में ओलावृष्टि और तापमान गिरने से सेब की फ्लावरिंग के साथ सेटिंग को भारी नुकसान हुआ है। अभी अंधड़ और ओला गिरने का खतरा मई माह तक जारी रहेगा। रविवार को रोहतांग दर्रा के साथ, कुंजुम दर्रा, बारालाचा और शिंकुला सहित सीबी रेंज की ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे जबकि कुल्लू, बंजार और आनी सहित अन्य इलाकों में रुक-रुक बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लाहौल के सिस्सू, कोकसर, अटल टनल रोहतांग में सैकड़ों सैलानी सैर सपाटे को पहुंचे और बर्फ के बीच खूब आनंद लिया। इस दौरान टनल के आसपास पर्यटक वाहन सड़क पर रेंगते रहे।
सेब के लिए मौसम सही नहीं
बागवान लाल चंद ठाकुर, जगदीश ठाकुर, निका राम और सोहन लाल ने कहा कि सेब के लिए मौसम अनुकूल नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार ठंड पड़ने से सेब को नुकसान होने रहा है। बागवानी विभाग के उपनिदेशक बीएम चौहान ने कहा कि मौसम के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। सेब के लिए मौसम अनुकूल नहीं चल रहा है।