भुंतर में मिठाई का सैंपल भरते जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी।-संवाद
खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। त्योहारी सीजन में लोगों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध हों, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण कर रहा है।
विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों और कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभागीय टीम ने वीरवार को जिला के प्रवेशद्वार भुंतर में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने पांच मिठाइयों के अलग-अलग दुकानों से सैंपल भी भरे हैं। सैंपल की रिपोर्ट में अगर जांच में खामियां पाई जाएंगी तो कारोबारी और दुकानदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौर रहे कि खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने वीरवार को भुंतर में नारियल बर्फी, जामुन, पनीर, पीला छम-छम और हरे छम-छम के सैंपल भरे हैं। हालांकि इससे पहले विभाग ने विगत बुधवार को भी मनाली क्षेत्र के कटराईं और दवाड़ा में सात सैंपल विभिन्न मिठाइयों के भरे थे। इन सैंपल को विभाग की प्रयोगशाला कंडाघाट जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में शुद्धता में कमियां मिलने पर दुकानदारों और कारोबारियों पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि त्योहारी सीजन में शुद्धता से परिपूर्ण खाद्य पदार्थ मिले, इसके लिए विभाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मिठाइयों के सैंपल भर रहा है।