कुल्लू में पीपल जातर मेले की तैयारी को लेकर प्लांट आवंटन में जुटे नप के कर्मी और पार्षद।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। अंतरराज्यीय पीपल जातर मेले के लिए नगर परिषद कुल्लू ने पांच कमेटियां गठित की हैं। नप ने मेले के सफल आयोजन के लिए इनका गठन किया है।
कमेटियों में शहर के सभी 11 वार्डों के पार्षद और मनोनीत पार्षद सदस्य रहेंगे। नप अध्यक्ष इन कमेटियों की अध्यक्षता करेंगे। मेले के लिए प्लाट आवंटन, सांस्कृतिक, खेल, स्वागत और सजावट कमेटियां बनाई गई हैं। बता दें कि कोरोना काल में दो सालों तक इस अंतरराज्यीय मेले का आयोजन नहीं हो पाया। इस बार नप मेले को धूमधाम से मनाएगी। तीन दिवसीय मेले में पूर्व की भांति ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल प्रतिस्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा अस्थायी बाजार भी सजाया जाएगा। इसमें रोजमर्रा के सभी सामान उपलब्ध रहेंगे।
मेले के लिए एक सप्ताह का ही समय बचा है। ऐसे में नप ने तैयारियों को तेज कर दिया है। मेले के लिए सबसे पहले कारोबारियों को 23 अप्रैल से प्लाट का आवंटन शुरू कर दिया जाएगा। नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि नगर परिषद ने मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अलग-अलग कमेटियां विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करेंगी। इसके निर्देश कमेटी सदस्यों को जारी कर दिए गए हैं।
कमेटियों में शामिल रहेंगे पार्षद
नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने कहा कि जिला मुख्यालय में पीपल जातर मेला आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पांच अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं। इन कमेटियों में नगर परिषद के 11 पार्षदों समेत चार मन्नोनित पार्षद भी सदस्य रहेंगे।