सैंज (कुल्लू)। जिला कुल्लू में सर्दी का मौसम आते ही जंगलों में आग लगने की घटना भी शुरू हो गई है। उप तहसील सैंज के साथ लगती गोही पंचायत के जंगल में वीरवार को आग लगने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। जंगल में लगी आग से आसपास के लोगों में भी अफरातफरी मच गई।
सैंज निवासी प्रेम सिंह, राजू, प्रीतम तथा राजेश ने कहा कि आग लगने से जंगल में हरे भरे पेड़ झुलस गए हैं। आग किसने लगाई इसका पता नहीं लग पाया है। स्थानीय गोही पंचायत के प्रधान पूर्ण चंद ने कहा कि मशीननाला से लगी आग पूरे जंगल में फैल गई और कई पेड़ व पौधे चपेट में आ गए। आग बहुत ही तेेेजी से जंगल में लगी और लाखों की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मौके पर वन विभाग के वनरक्षक भी पहुंच गए थे। प्रधान ने कहा कि आग किसने लगाई है इसका पता लगाया जा रहा है।