संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की लगवैली के शालंग गांव में चाय की दुकान में अचानक आग भड़क गई, जिससे डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही 50 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया है।
आग से दुकान के भीतर रखा फ्रिज, फर्नीचर, खिड़की-दरवाजे जलकर राख हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से आग पर काबू पाया है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 11 बजे शालंग गांव में छापे राम पुत्र चेत राम के दो मंजिला स्लेटपोश मकान की धरातल की मंजिल में बनी चाय की दुुकान में आग लग गई। इस दौरान स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गई। घटनास्थल पर काफी मात्रा में पानी उपलब्ध होने से लोगों ने आग को नियंत्रित कर बुझा दिया। प्रभावित मकान के साथ लगते टेक चंद, पुने राम व कौशल्या देवी के रिहायशी मकानों का बचा लिया। अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस अधीक्षक कुल्लूू गुरदेव शर्मा ने आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग के जवान मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया था।