कुल्लू। लगघाटी के तहत प्राइमरी स्कूल चौपाड़सा में देरी से आने वाली महिला शिक्षक को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। मामले की छानबीन के बाद शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है। महिला शिक्षक का खंड प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय नग्गर हेडक्वार्टर बनाया गया है। यहां उन्हें हाजिरी देनी होगी।
शिक्षा विभाग की ओर से अध्यापिका के खिलाफ की गई विभागीय कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। गौर रहे कि बीते मंगलवार को प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक ने स्कूल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने अध्यापिका के बयान दर्ज करने साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति का पक्ष भी सुना था। प्राइमरी स्कूल में तैनात महिला शिक्षक के खिलाफ अभिभावकों की ओर से शिकायत दी गई थी कि वह स्कूल देरी से पहुंचती हैं। प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक एवं प्रिंसिपल डाइट सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि चौपाड़सा स्कूल की महिला शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका हेडक्वार्टर खंड प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय नग्गर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में कोताही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।