कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को 25 अगस्त तक हटा लें। इसके बाद प्रशासनिक पहल शुरू कर दी जाएगी और कब्जों को हटाया जाएगा। यह बात तहसीलदार एवं नगर परिषद कुल्लू के कार्यकारी अधिकारी हरि सिंह यादव ने कही। जिला मुख्यालय ढालपुर में मंगलवार को प्रशासन, नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने कब्जों की निशानदेही की।
इस दौरान दुकानों के आगे जिन कब्जाधारकों ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है, उन्हें एक सप्ताह (25 अगस्त) तक कब्जे हटाने के निर्देश जारी किए हैं। तहसीलदार कुल्लू हरि सिंह यादव की अगुवाई में टीम ने ढालपुर बाजार में निशानदेही की। निशानदेही में अधिकतर क्षेत्रों में कब्जों के मामले सामने आए।
इनमें कई जगह सरकारी भूमि पर कब्जा कर खोखे तैयार किए गए हैं और कुछ जगहों पर सामान रखकर बेचा जा रहा है। कब्जाधारकों को हिदायत दी गई कि अगर रविवार तक उन्होंने अपने कब्जे नहीं हटाए, तो प्रशासन को मजबूरन कानूनी प्रक्रिया अमल में लानी पड़ेगी। इससे पहले भी शहर से रेहड़ी-फड़ी धारकों को हटाया गया था।
......................
उच्च न्यायालय के सख्त निर्देश हैं कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। ऐसे में प्रशासन, नगर परिषद, राजस्व और लोक निर्माण विभाग की ओर से संयुक्त रूप से निशानदेही की गई। कब्जाधारकों को 25 अगस्त तक अपने कब्जे हटाने का समय दिया गया है। ऐसा न करने पर कब्जाधारकों पर कार्रवाई की जाएगी।
-हरि सिंह यादव, तहसीलदार कुल्लू