कुल्लू के शाढ़ाबाई में विद्युत बोर्ड पेशनर कर्मचारी संघ की बैठक में भाग लेते पेशनर।-संवाद
भुंतर (कुल्लू)। एचपीएसईबी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को भुंतर के एक निजी होटल में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया ने की। इसमें प्रदेशभर की 22 इकाइयों से करीब 250 पदाधिकारी और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसोसिएशन के महासचिव पीएल गुप्ता ने संगठन की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेंशन पोर्टल की सुविधा शुरू करवाने और पेंशन सेल में फोन की व्यवस्था करवाने जैसी मांगें पूरी हुई हैं। उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद पे-रीविजन एरियर का भुगतान छह प्रतिशत ब्याज सहित दो किस्तों में किया गया है।
बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर रोष जताया गया। पेंशनरों ने एक जनवरी 2016 से पहले सेवानिवृत्त कर्मचारियों की गलत नोशनल फिक्सेशन को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इसके अलावा पेंशन पोर्टल पर एरियर का पूरा विवरण उपलब्ध करवाने में हो रही देरी पर भी असंतोष जताया। एक जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और कम्यूटेशन के लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया।
विद्युत बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू न होने पर भी पदाधिकारियों ने चिंता जताई। उन्होंने सरकार से बोर्ड कर्मचारियों के लिए जल्द पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा करने की मांग की। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों में बड़ी संख्या में पेंशनर संगठन से जुड़े हैं। इस दौरान नई इकाइयों का गठन हुआ और संगठन को तीन स्तरीय स्वरूप दिया गया। उन्होंने बैठक के आयोजन में सहयोग के लिए कुल्लू जिला इकाई के प्रधान अश्वनी सोहल और महासचिव निहाल सिंह नेगी का आभार जताया। बैठक में दिनेश गुप्ता, कमलेश पुंडीर, केडी शर्मा, बीआर भाटिया, सीएस चंदेल, एके सोहल, एसके चड्ढा और धर्मबीर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे। संवाद