मनाली में वोल्वो बस स्टैंड के समीप आपदा में बहे फोरलेन के निमार्ण कार्य में जुटी मशीनरी।-संवाद
भूतनाथ मंदिर से वोल्वो बस अड्डा तक चल रहा धीमा काम
सड़क के दोनों छोर मिले, यातायात शुरू करने में लगेगा वक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। आपदा के दो माह बाद भी वोल्वो बस अड्डा से भूतनाथ मंदिर तक की फोरलेन सड़क यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाई है। यातायात पुराने हाईवे (वाया नागरिक अस्पताल) पर चल रहा है, जिससे जाम की समस्या पैदा हो रही है। एनएचएआई की ओर से धीमी रफ्तार से कार्य किए जाने से पर्यटन कारोबारियों में आक्रोश है। पर्यटन कारोबारियों ने जल्द से जल्द इस सड़क को यातायात के लिए तैयार करने की मांग की है।
25 अगस्त, 2025 को ब्यास नदी में आई बाढ़ में फोरलेन सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया है। भूतनाथ मंदिर से वोल्वो बस अड्डा तक तीन जगह सड़क का नामोनिशान मिट गया है। सड़क को बनाने का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। अभी तक सड़क के दोनों छोर मिला लिए गए हैं, लेकिन वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क अभी पूरी तरह से तैयार नहीं है। प्रशासन ने वाहनों का ट्रायल भी करवाया, लेकिन वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं पाई गई। गौरतलब है कि 2023 में आई आपदा के दौरान भी इस स्थान पर सड़क बनाने में देरी हुई थी। मजबूरन स्थानीय पर्यटन कारोबारियों को श्रमदान कर खुद काम करने के लिए आगे आना पड़ा था। अब इस साल फिर इस सड़क को दो माह में भी तैयार नहीं किया गया। पुलिस थाना, नागरिक अस्पताल इस इलाके में हैं। इस वजह से जाम की स्थिति बन रही है। पर्यटन कारोबारी मोहन सिंह, तेजेंद्र कुमार, प्रेम पाल ने कहा कि इस सड़क को जल्द तैयार कर यातायात बहाल किया जाना चाहिए। अन्यथा नववर्ष सीजन में ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। डीएसपी, मनाली केडी शर्मा ने कहा कि फिलहाल सड़क वाहनों के लिए उपयुक्त नहीं है। ट्रायल किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। दो तीन दिन में सड़क तैयार होने की संभावना है।
मनाली में वोल्वो बस स्टैंड के समीप आपदा में बहे फोरलेन के निमार्ण कार्य में जुटी मशीनरी।-संवाद