जिभी (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बलागाड़ के आठ गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। ट्रांसफार्मर में खराबी होने से गांवों में पिछले दो दिनों से बिजली गुल है। इससे लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली बोर्ड बलागाड़ के लिए आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया है।
ग्रामीण देवी राम, हरी सिंह, मोहर सिंह, प्यारे राम, खेम चंद ने कहा कि गांव बेहलो, वलौन, वीओं, थुआरी, कुराहधार, रागंड़, नालापार, शलाड़ा में सैकड़ों की आबादी है। लेकिन बिजली बोर्ड जनसंख्या के हिसाब से नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहा है। बिजली की अधिक खपत होने के कारण यहां पर लगाया गया ट्रांसफार्मर कई बार जल चुका है। थोड़ा सा बिजली का भार पड़ने से ट्रांसफार्मर जवाब दे देता है। इसका खामियाजा यहां की जनता को भुगतना पड़ रहा है। बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड से ग्रामीण कई बार समस्या का स्थायी समाधान करने की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन बोर्ड ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने में नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने मांग की है कि पुराने ट्रांसफार्मर की जगह नया लगाया जाए। अन्यथा पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए। उधर, इस संबंध में बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता जगदीश चंद्र ने कहा कि लाइनमैन को खराबी देखने के लिए भेजा गया है। अगर ट्रांसफार्मर जला हुआ पाया गया तो इसकी जगह नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। ग्रामीणों को बिजली सुचारु रूप से प्रदान की जाएगी।