नवंबर में 13 एमबीए से लोड बढ़कर 16.5 पहुंचा
सुबह के समय करीब दो घंटे पड़ रहा है अधिक लोड
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नवंबर में शुष्क मौसम के चलते ठंडक काफी अधिक बढ़ गई है। खासकर सुबह-शाम के समय काफी अधिक ठंड महसूस की जा रही है। ठंड से बचने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में लोग तंदूर का सहारा ले रहे हैं। वहीं, शहरी क्षेत्रों में बिजली से चलने वाले हीटर आदि नियमित चलना शुरू हो गए हैं।
कुल्लू शहर में अधिक ठंड के चलते बिजली की खपत भी बढ़ गई है। सुबह सात से नौ बजे तक बिजली की खपत बढ़ गई है। अक्तूबर की बात करें तो 15 अक्तूबर के आसपास कुल्लू शहर में बिजली का लोड 13 एमबीए के आसपास था।
नवंबर के तीसरे सप्ताह में यह लोड अब 16.5 एमबीए तक पहुंच गया है। 19 नवंबर को अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में बने सब स्टेशन में लोड 16.5 एमबीए आंका गया। जिस तरह से ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है, आने वाले में बर्फबारी भी होगी तो यह लोड 20 एमबीए से अधिक जाएगा। बिजली बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार 15 दिसंबर के बाद बिजली की खपत और अधिक बढ़ जाती है। हालांकि, कुल्लू सब स्टेशन में कुल 23 एमबीए लोड की क्षमता है। अभी तक बिजली की सप्लाई में बिजली बोर्ड को किसी तरह की परेशानी नहीं आ रही है। बारिश व बर्फबारी के दौरान बिजली की आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए बिजली बोर्ड के विभिन्न सब स्टेशनों में आवश्यक मरम्मत कार्य भी किए जा रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
पिछले महीने के मुकाबले ठंड का प्रकोप अधिक बढ़ने के कारण बिजली की खपत भी बढ़ गई है। बिजली की खपत आने वाले दिनों में और अधिक बढ़ेगी। हालांकि, बिजली की आपूर्ति पर कोई असर नहीं हुआ है। -अक्षय सूद, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड कुल्लू।