अभ्यास में जुटे एसोसिएशन के रंगकर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी।
कुल्लू। रंगमंच गांव-गांव, आंगन-आंगन की अवधारणा के अंतर्गत रंगमंच में 25 वर्षों से सक्रिय संस्था एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू की ओर से नए नाटक दुग्ध धेनु का मंचन 29 मार्च को शाम साढ़े छह बजे लंका बेकर गांव स्थित आंबेडकर पार्क में किया जाएगा।
नाटक के लेखक एवं निर्देशक केहर सिंह ठाकुर ने बताया कि यह नाटक कुल्लू क्षेत्र के एक ऐसे राजा की कहानी पर आधारित है, जिसे महिलाओं के दूध की खीर खाने की आदत पड़ जाती है। इसके चलते वह गर्भवती महिलाओं को लालच देकर अपने महल में कैद कर लेता है। नाटक में दिखाया गया है कि पीड़ित महिलाएं लोकनाट्य हिरणातर के माध्यम से मुखौटे पहनकर नृत्य करती हैं और अवसर पाकर अपने साथ लाई दरातियों से राजा का अंत कर देती हैं। इस प्रकार नाटक नारी शक्ति की ओर से अत्याचार के खिलाफ संघर्ष और बुरे विचारों के अंत का संदेश देता है। संस्था के कलाकार इन दिनों नाटक के अभ्यास में जुटे हुए हैं और मंचन को लेकर उत्साहित हैं। नाटक में केहर सिंह ठाकुर, रेवतराम विक्की, परमानंद पिंकू, वैभव ठाकुर, सेजल, गीतांजलि, जिया, सोनिया, आशु शर्मा, गौरव, आंचल, अनन्या और समृद्धि सहित कई कलाकार अपनी अभिनय कला का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, मंच संचालन में मीनाक्षी, शिवांगी और पायल सहयोग देंगी। संस्था के सचिव ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर नाटक का आनंद लेने की अपील की है।