केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिलाधीश कार्यालय के सभागार में नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाधीश किरण भड़ाना ने की। इस दौरान उन्होंने बताया कि एक से 26 जून तक नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। जिसमें शिक्षा, पुलिस, जिला युवा सेवाएं खेल, नेहरू युवा केंद्र, पंचायती राज, स्वास्थ्य व महिला और बाल विकास विभाग, जिला कल्याण विभाग भूमिका निभाएंगे। अभियान के तहत जिला के बच्चों, युवाओं व आम जनता के लिए नशा से बचाव के लिए अलग अलग गतिविधियां आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव के लिए पाठशालाओं के विद्याथिर्यो को जागरूक करने के लिए एक शॉर्ट वीडियो और कुछ क्विज भी कराए जाएंगे। इसके अलावा योग, नारा लेखन और बाद विवाद प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। एक मैराथन और एक रन अगेंस्ट ड्रग्स का आयोजन भी किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, एसडीएम अकांक्षा शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी, जिला कल्याण अधिकारी खुशविंद्र ठाकुर, तहसीलदार रमेश राणा, जिला परियोजना अधिकारी संजय डोगरा सहित अन्य समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।