ग्रामीण अब पंजाब से मंगवा रहे घास
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सर्दियों के लिए पशुओं का चारा एकत्रित करने में जुट गए हैं। हरे चारे को सूखाकर रखा जा रहा हैं। यह सूखा चारा सर्दियों के दौरान बारिश और बर्फबारी में पशुओं को देने के काम आएगा। सूखे के कारण इस साल घास छोटा ही रह गया है। अगस्त, सितंबर में पर्याप्त बारिश न होने के चलते घास की वृद्धि नहीं हो पाई। ऐसे में खेतों से पशुओं के लिए चारा आधा ही निकल पाया है। अब किसान पंजाब से पशुओं का चारा मंगवा रहे हैं।
खराहल, पार्वती और ऊझी घाटी सहित अन्य क्षेत्रों में किसान खेतों में व्यस्त हैं। किसान देवराज, मोनू और नरेश ठाकुर ने कहा कि खेतों में घास कटाई का कार्य चल रहा है। कहा कि सूखे जैसे हालात के चलते इस बार घास जल्दी सूख रहा है। नवंबर में बगीचों में आग लगने का डर रहता है, इसलिए किसान दिवाली से पहले खेतों और बगीचों को घास से खाली करने में जुटे हैं। घास कम होने से इस बार किसानों को पंजाब से चारा मंगवाने की नौबत पड़ेगी। कई किसानों ने तो पंजाब से चारा मंगवाने के लिए ऑर्डर भी दे दिए हैं। पंजाब से कुल्लू जिले के किसान गेहूं की तूड़ी और धान की पराली मंगवा रहे हैं। कई डीलर किसानों को घास घर-द्वार तक पहुंचाकर दे रहे हैं। संवाद