कुल्लू। भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता पांच मार्च को सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी। इसमें भाग लेने के लिए जिला कुल्लू के सभी पंजीकृत अथवा अपंजीकृत लोकनृत्य दल 26 फरवरी तक जिला भाषा अधिकारी कार्यालय स्थित देव सदन भवन में आवेदन कर सकते हैं।
जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर ने कहा कि भाषा एवं संस्कृति विभाग प्रदेश की लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। विभाग की ओर से हर वर्ष सांस्कृतिक दल तथा वादक प्रदेश तथा राज्य से बाहर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भेजे जाते हैं। सुनीला ने कहा कि दलों के चयन के लिए विभाग की ओर से हर वर्ष जिला स्तर पर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लोकनृत्य दल राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता में भाग लेने वाले लोकनृत्य दलों के लिए कुछ मानक निर्धारित किए गए हैं। लोक नृत्य दलों में नर्तकों की संख्या 20 से 22 के बीच होनी चाहिए। इसमें दल के गायक, वादक व नर्तक भी शामिल होंगे। लोकनृत्य प्रतियोगिता केेेे लिए समय 12 से 15 मिनट होगा। प्रतियोगिता में पारंपरिक नृत्य, गीत एवं वादन ही प्रस्तुत किया जाएगा। संबंधित दल केवल अपने ही क्षेत्र में प्रचलित नृत्य, गीत एवं संगीत की प्रस्तुति करेगा। विभिन्न क्षेत्रों का मिलाजुला लोक नृत्य, गायक दल व वादक दल प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा। उन्होंने कहा कि निर्णायक मंडल की ओर से लिया गया निर्णय अंतिम होगा।