आयुर्वेद व सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा कि बंजार विसक्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल योजना एवं सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। जल्द ही खाड़ागाड़ पंचायत के हिडिंब गांव में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी खोली जाएगी। बुधवार को देर सांय को मंत्री ने बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खाड़ागाड़ पंचायत में 2.56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित घियागी-सजवाड़ संपर्क सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद सजवाड़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंजार में एचआरटीसी के सब डिपो शीघ्र ही कार्य करना आरंभ कर देगा। आगामी वर्ष में 13 नए स्कूलों को अपग्रेड करने तथा खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने आईपीएच के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उन क्षेत्रों में पेयजल टैंकों का निर्माण करें, जहां पानी की भारी मात्रा में किल्लत रहती है। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि सजवाड़ पंचायत के आसपास के गांवों में बिजली के पुराने खंभों को जल्द ही बदला जाएगा। मंत्री ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को इस कार्य को शीघ्र करने के आदेश दिए। उन्होंने सजवाड़ सामुदायिक भवन के लिए तीन लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इससे पहले ग्राम पंचायत खाड़ागार के प्रधान जय सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और पंचायत से संबंधित मांग पत्र रखा। इस मौके पर एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ललित भूषण, अधिशासी अभियंता केके शर्मा, मंडी संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, ब्लॉक युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भोपाल ठाकुर, नगर पंचायत बंजार अध्यक्ष कुंजलाल राणा, बीडीसी अध्यक्ष हेतराम, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र शौरी, ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता दलीप बिष्ट और अन्य मौजूद रहे।