देवी-देवताओं के प्रतिनिधियों ने किया सभा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। भगवान रघुनाथ के मंदिर परिसर में देवी-देवताओं के प्रतिनिधियों ने एक सभा का आयोजन किया। इसमें सनातन धर्म के संरक्षण पर चर्चा की गई। सभा में भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने विशेष रूप से भाग लिया। इस दौरान देव समाज से जुड़े लोगों ने अपने अपने विचार रखे। सनातन धर्म के संरक्षण को लेकर सुझाव भी दिए।
महेश्वर सिंह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हमारी सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं युवा पीढ़ी को इसके प्रति जागरूक करना है, जिससे प्राचीन परंपराएं और जीवन मूल्य आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल एक धर्म नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है। यह समावेशी और सार्वभौमिक सिद्धांतों पर आधारित है। इस दौरान देव समाज से जुड़े प्रतिनिधियों ने सनातन धर्म के संरक्षण और प्रचार-प्रसार करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को हिंदू नव संवत का कैलेंडर भी प्रदान किया।