हारियान क्षेत्र की परिक्रमा पूरी करने के बाद जौंगा गांव लौटे देवता
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देवता हुरगू काली नारायण अपने हारियान क्षेत्र की परिक्रमा पूर्ण कर जौंगा गांव वापस लौटे हैं। गत रविवार को देवता जौंगा गांव पहुंचे थे। सोमवार को देव परंपरा के अनुसार गांव में देवता को धूप पिलाने की रस्म का निर्वहन किया।
पूरा दिन ग्रामीणों ने परंपरा का निर्वहन किया। देवता के दर्शनों के लिए गांव में हारियानों और श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सैकड़ों की संख्या में हारियानों और श्रद्धालुओं ने आराध्य देवता हुरगू काली नारायण के समक्ष शीश नवाया और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।
देवता के कारदार देवता के कारदार मोती राम, गूर काशी राम, पुजारी पवन ठाकुर ने कहा कि देवता हुरगू काली नारायण 15 दिसंबर से हारियान क्षेत्र की परिक्रमा पर निकले थे। अब देवता की परिक्रमा पूर्ण हो गई हैं। देवता परिक्रमा के दौरान जिन-जिन स्थानों पर रुके, वहां देवता के सम्मान में मगर पुन्नू मेलों का आयोजन किया गया। उधर, खराहल घाटी के काईस स्थित माता दशमी वारदा के मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दियाली उत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना की। संवाद