रस्साकशी प्रतियोगिता में नरेश की टीम जीती, शॉटपुट में दावा रहे प्रथम
शमशी में हुई सेवानिवृत्त व सेवारत कर्मचारियों की खेलकूद प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। लाहौल-स्पीति इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने हर साल की तरह इस बार भी सेवानिवृत्त और सेवारत कर्मचारियों के लिए आउटडोर खेल प्रतियोगिता करवाई। इसमें लाहौल-स्पीति जिले के करीब 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
एसएसबी शमशी के मैदान में हुई खेलकूद में क्रिकेट, शॉटपुट और रस्साकशी के मुकाबले हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसबी से सेवानिवृत्त कमांडेंट चेतन ने किया। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देने में इस प्रकार के आयोजनों के महत्व पर जोर दिया। कहा कि यह खेल प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
लासेवा के अध्यक्ष शमशेर और महासचिव नवांग तांबा और पूर्ण चंद ने कहा कि उपरोक्त खेलों के बाद 25 और 26 जनवरी को वन विभाग के शमशी के सभागार में इंडोर खेलें होंगी। 28 और 29 दिसंबर को हुईं खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिता में पांच टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच पूर्ण इलेवन और रोशन एकादश की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्ण इलेवन ने आठ ओवर में 79 रन बनाए। इसमें ताशी ने 3 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 31 रन बनाए। जवाब में रोशन एकादश ने आठ ओवर में 76 रन ही बना पाई। 60 साल से अधिक आयु वर्ग का फाइनल रस्साकशी मैच अध्यक्ष इलेवन और सचिव की टीम के बीच हुआ। अध्यक्ष इलेवन ने जीत दर्ज की। 60 साल से कम आयु वर्ग का फाइनल राजेंद्र और नरेश की टीम के बीच हुआ। नरेश की टीम ने जीत दर्ज की। शॉटपुट में 60 साल से अधिक उम्र में दावा ने पहला स्थान पाया। तारा चंद दूसरे और राम देव तीसरे स्थान पर रहे। 60 साल से कम आयु वर्ग में विनोद ने पहला, कलजंग ने दूसरा और राजेंद्र तीसरा स्थान पाया।