देवता के शाही स्नान को लेकर हारियानों में खुशी की लहर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। काईस कोठी के कोन्हा मलाणा गांव तांदला के देवता शुक्ली नाग मणिकर्ण में 29 अप्रैल को शाही स्नान करेंगे। देवता की ओर से शाही स्नान की परंपरा का 19 सालों के बाद निर्वहन किया जाएगा। देवता शुक्ली नाग रविवार को ढोल-नगाड़ाें की थाप पर मणिकर्ण में पहुंचे।
देवता के मणिकर्ण पहुंचने पर माहौल वाद्ययंत्रों की स्वरलहरियों से गूंज उठा। मणिकर्ण पहुंचने के बाद देवता शुक्ली नाग श्रीरामचंद्र मंदिर में देव परंपरा का निर्वहन करने गए। इसके बाद देवता अस्थायी शिविर में विराजमान हुए। देवता के शाही स्नान के साथ सोमवार को श्रद्धालु भी आस्था की डुबकी लगाएंगे।
बताया जा रहा है कि देवता का नया करड़ू बना है। नग्गर खंड पंचायत समिति अध्यक्ष खेख राम ठाकुर ने कहा कि देवता शुक्ली नाग सोमवार को मणिकर्ण में शाही स्नान करेंगे। इसके बाद देवता अपने देवालय की ओर रवाना हो जाएंगे। तय जगहों पर रात्रि ठहराव के बाद देवता अपने देवालय पहुंचेंगे। देवता के शाही स्नान को लेकर हारियानों में खुशी की लहर है। संवाद