काईस-बंदरोल सब्जी मंडी सड़क सुधारने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। काईस-बंदरोल सब्जी मंडी सड़क की हालत खराब बनी हुई है। जुलाई 2023 में आपदा के चलते सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थानीय लोगों ने काईस नाला पर एक पुलिया का निर्माण किया था, जो क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली।
किसानों और बागवानों को उत्पाद मंडियों तक ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसान-बागवान क्षेत्रीय कमेटी काईस ने सड़क की दशा को लेकर नाराजगी जताई है। ब्यास पर जल्द पुल का निर्माण करने की भी गुहार लगाई है। इससे काईस से सब्जी मंडी बंदरोल में कम समय में पहुंचा जा सके।
किसान-बागवान देवराज नेगी, जितेंद्र ठाकुर, गुड्डू भास्कर, वीर सिंह, भोले राम, धन देव, रवि ठाकुर, प्रताप, दोत राम, सुखदयाल आदि ने कहा कि दो दिन पहले ही क्षेत्र के किसानों और बागवानों का एक प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से भी मिला। फल सीजन को देखते हुए विभाग जल्द सड़क की दशा सुधारे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनूप ठाकुर ने कहा कि सड़क को जल्द दुरुस्त कर ग्रामीणों को सुविधा प्रदान की जाएगी। संवाद
..संवाद