पीडब्ल्यूडी के पांच सब डिविजनों में किया जाए गाड़ियों का प्रावधान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय अर्धराजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ कुल्लू की बैठक रविवार को हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष तुले राम ने की। बैठक में चालकों और परिचालकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष तुले राम ने कहा कि लोक निर्माण विभाग में जो नई जेसीबी मशीन और टिपर आए हैं, उनके लिए मंत्री विक्रमादित्य का आभार व्यक्त किया। कुल्लू सर्किल के पांच सब डिविजन मणिकर्ण, बंजार, लारजी, कटराईं और बबेली में गाड़ियां नहीं हैं।
यहां भी गाड़ियों का प्रावधान किया जाए। बेलदारों और चालकों की पदोन्नति की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाए। नई जेसीबी मशीन और टिपर लोक निर्माण विभाग में आए हैं, उनके साथ जो बेलदार परिचालक का कार्य कर रहे हैं, इन बेलदारों का नाम बदलकर परिचालक रखा जाए। कटराईं और बजौरा में दो जेसीबी ऑपरेटर के पद सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि महासंघ ने मांगों को लेकर लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अवगत करवाया है।
पिछले दिनों कुल्लू दौरे पर आए मंत्री से महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने महासंघ की मांगों को सुनने के बाद जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान राजकीय अर्धराजकीय चालक-परिचालक महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिलोक, महामंत्री वेद राम ठाकुर, कोषाध्यक्ष हरदयाल ठाकुर, लाहौल-स्पीति से दुनी चंद आदि मौजूद रहे। संवाद