सिविल पेंशनर्स एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन कुल्लू मंडल की बैठक बुधवार को हुई। अध्यक्षता कुल्लू मंडल के अध्यक्ष जय बिहारी भारद्वाज ने की। इस दौरान पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में पेंशनरों ने प्रस्ताव पारित किया कि पंजाब की तर्ज पर 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पार कर चुके सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी 5,10 तथा 15 की अतिरिक्त पेंशन के साथ महंगाई भत्ता दिया जाए।
पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि पेंशनरों को प्रतिमाह पांच सौ रुपये चिकित्सा भत्ता दिया जाए। वहीं, पेंशनरों को दो साल में एक बार एलटीसी की सुविधा भी प्रदान की जाए। इसके अलावा जुलाई 2015 से देय महंगाई भत्ता भी पेंशनरों को जारी किया जाए। इसके अतिरिक्त एसोसिएशन ने मांग की है कि विभिन्न कार्यालयों में लंबित पड़े मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाए। कुल्लू खंड के सभी पदाधिकारियों और पेंशनरों से अपील की कि सिविल पेंशनर्स एवं सोशल वेलफेयर एसोसिएशन एकमात्र पंजीकृत संगठन है।
इसलिए, इस संगठन में सभी शामिल हों। एसोसिएशन ने नगर परिषद से भी आग्रह किया कि सेवानिवृत्त पेंशनर्स के लंबित पड़े मामलों को शीघ्र अति शीघ्र निपटाया जाए। इस दौरान पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहर सिंह ठाकुर, महासचिव हीरा सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल, नग्गर खंड प्रधान शिवनंद शर्मा, पूर्व प्रधान खेमराज शर्मा, भुंतर खंड महासचिव हरीश कौशल, अमर सिंह परमार, घनश्याम सूरी, योगराज शर्मा, रामप्रकाश शर्मा, सेसराम ठाकुर, कौशल्या देवी, मंगलचंद नेगी, डुगले राम ठाकुर, कुंडी देवी आदि मौजूद रहे।