कारोबारियों के साथ नगर परिषद की बैठक में करेगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नगर परिषद ने तीन अगस्त को वन्य प्राणी विभाग के सभागार में बैठक बुलाई है। बैठक दोपहर बाद तीन बजे शुरू होगी। इसमें मालरोड तथा वार्ड नंबर एक से सात तक के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैफे, फास्ट फूड, मोमो स्टॉल, रेहड़ी-फड़ी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारी, नगर परिषद के सभी पार्षद, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से जुड़े ठेकेदार, उनके कर्मचारी, सुपरवाइजर, आउटसोर्स कर्मी तथा स्वच्छता कर्मचारी भी भाग लेंगे। बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की समयसारिणी पर विशेष चर्चा होगी। व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कचरा उठाने का समय निर्धारित किया जाएगा।
नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रा पधान ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब प्रशासन और व्यापारी मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों से बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल होकर अपने सुझाव देने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने की अपील की। संवाद