कुल्लू में उत्तर प्रदेश के व्यापारियों ने बगीचों में ही खरीद ली प्लम की फसल
45 फीसदी फसल का सौदा, जिले के बागवान बोले- घर बैठे मिले बेहतर दाम
अमी चंद भंडारी
खराहल (कुल्लू)। जिला कुल्लू का प्लम बाहरी राज्यों के व्यापारियों को खूब पसंद आ रहा है। पकने से पहले ही प्लम की 45 फीसदी फसल का सौदा हो चुका है। व्यापारियों ने कई क्षेत्रों में आकर बागवानों के बगीचों का सौदा कर लिया है। व्यापारियों ने ऊंचे दाम पर खरीद-फरोख्त की है।
बागवानों को फसल के घर बैठकर फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। जिले में उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के व्यापारियों ने प्लम की फसल की बगीचों में खरीद की है। बागवान अनिश ठाकुर, चमन ठाकुर, कर्मचंद, सुरेश ठाकुर और रामनाथ ने कहा कि इस बार कई इलाकों में ओलावृष्टि ने भी प्लम को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के व्यापारियों ने बगीचों में दस्तक दी है।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों के व्यापारियों ने कई इलाकों में प्लम खरीद की है। बागवानों को फसल के बेहतर दाम मिले हैं। इससे बागवानों की चिंता भी समाप्त हो गई है। उन्हें फसल सब्जी मंडी लेकर जाने के झंझट से निजात मिलेगी। व्यापारी सलीम, तासीम और जावेद ने बताया कि उन्होंने रायसन, माहिली, काईस, थरमाण, डोभी, सेउबाग, कराडसू, मौहल और जिला शिमला के रामपुर में प्लम की फसल का सौदा बगीचों में ही कर लिया है। उन्होंने कहा कि फसल को बगीचों में पैक कर आजादपुर सब्जी मंडी दिल्ली भेजा जाता है। इसके अलावा अन्य राज्यों की मंडियों में भी प्लम को पैक कर भेजते हैं। फलोत्पादक मंडल कुल्लू के अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने कहा कि पिछले कई सालों से बाहरी राज्यों के व्यापारी कुल्लू में प्लम की खरीद बगीचों में करते आ रहे हैं। इसका बागवानों को फायदा मिलता है। संवाद
अनुकूल मौसम के कारण इस साल प्लम की अच्छी पैदावार है। आगामी समय में मौसम ने साथ दिया, तो उत्पादन भी बेहतर होगा। बागवानों को अर्ली वैरायटी के बेहतर दाम मंडियों में मिल रहे हैं। -उत्तम पराशर, बागवानी विभाग उपनिदेशक।