मलाणा को जाने वाले रास्ते की हालत खस्ता बनी हुई है। मलाणा के ग्रामीणों को इस रास्ते पर चलना मुश्किल हो गया है। ब्रिजफोर नामक स्थान के पास रास्ते की स्थिति काफी खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों को हर समय यहां गिरने का डर सताता रहता है। जिला प्रशासन तो दूर, स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधि रास्ते की सुध नहीं ले रहे हैं।
ग्रामीण भागी राम, मोती राम, राजू और बुधराम का कहना है कि लंबे समय से ब्रिजफोर के पास रास्ता भूूस्खलन की चपेट में आया है। पंचायत प्रतिनिधियों को कई बार इस रास्ते की मरम्मत करने के लिए कहा गया, लेकिन रास्ते की दशा सुधारने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से रास्ते की शीघ्र मरम्मत करने के लिए बजट का प्रावधान करने की गुहार लगाई है।
गौर रहे कि मलाणा गांव को जाने के लिए यह एक मात्र रास्ता है। मलाणा गांव की करीब दो हजार की आबादी इस रास्ते से होकर ही गुजरती है। यही नहीं, इन दिनों मलाणा के लिए जा रहे विदेशी पर्यटक भी रास्ता खतरनाक होने की वजह से जरी से वापस हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस रास्ते को जल्द से जल्द मरम्मत करने के लिए धनराशि का प्रावधान करने की गुहार लगाई है।