दोपहर के समय लगा, 700 से अधिक विद्यार्थी थे परिसर में मौजूद
समय रहते दमकल टीम ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शहीद बालकृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुल्लू (सीबीएसई) में चल रही जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान सोमवार दोपहर कैंटीन में गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। घटना करीब दोपहर एक बजे की है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सिलिंडर में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना के दौरान विद्यालय में 700 से अधिक विद्यार्थी मौजूद थे, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
दमकल विभाग के प्रभारी प्रेम भारद्वाज ने बताया कि विद्यालय से दूरभाष के माध्यम से सिलिंडर में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।