आउटर सराज आनी में अस्पताल भवन के निर्माण में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक आनी में अस्पताल के नए भवन की बहुमंजिला इमारत के निर्माण को कुछ समय पहले टेंडर निकाला गया।
इसके साथ ही आवेदन करने वाले ठेकेदार को एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट दिखाने और टेंडर के साथ संलग्न करने को कहा गया। काम हथियाने के लिए एक ठेकेदार ने फर्जी सर्टिफिकेट दिखा दिया। निर्माण कार्य शुरू होने पर काम संतोषजनक होने के बजाय इसमें कई तरह की खामियां नजर आने लगीं।
लिहाजा शक होने के आधार पर अस्पताल प्रबंधन ने ठेकेदार की ओर से जमा कराए दस्तावेजों की पड़ताल कराई तो उसमें ठेकेदार के पास किसी तरह का अनुभव नहीं पाया गया।
बाद में अस्पताल प्रबंधन ने इसकी शिकायत पुलिस से की। एएसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने आनी थाना में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस पहले मामले की जांच करेगी। इस दौरान सभी दस्तावेज भी जांचे जाएंगे।