चरस के काले धंधे में संलिप्त माफिया भी अब पुलिस के शिकंजे में आ रहे हैं। कुल्लू पुलिस ने एक ऐसे ही मामले में विदेशी की निशानदेेही पर मनाली के जगतुसख गांव से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस चरस के सौदागर से गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने दो दिन पहले दक्षिण अफ्रीका के 69 वर्षीय डंकन ग्लेन स्मिथ से 1.202 किलोग्राम चरस बरामद की थी। विदेशी नागरिक को कुल्लू पुलिस ने ढालपुर बस अड्डा के पास 16 मार्च की रात को चरस की खेप के साथ रंगे हाथ दबोचा था। इसके बाद जांच अधिकारी द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में विदेशी ने चरस खरीदने का पूरा राज खोल दिया है।
इसके आधार पर पुलिस ने चरस के इस माफिया को मनाली के जगतसुख गांव से गिरफ्तार किया है। व्यक्ति के कब्जे से 1.80 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की। पुलिस ने नकदी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब पूरे मामले को लेकर गिरफ्तार किए व्यक्ति से पूछताछ करने में जुट गई है।
गौर हो कि 17 मार्च को कुल्लू पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन लोगों से 4.081 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की थी। तीन दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को तीनों लोगों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कुल्लू पदम चंद ने विदेशी को 1.202 किलोग्राम चरस बेचने वाले चरस माफिया को मनाली के जतगसुख से गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।