क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मेडिकल जांच के लिए आईएस एजेंट आबिद काो ले जाते पुलिस जवान
- फोटो : अमर उजाला
आईएस एजेंट आबिद के बयानों को अब क्रॉस इग्जामिन किया जाएगा। हालांकि आबिद ले पूछताछ में सभी जांच एजेंसियों को एक तरह के जवाब दिए हैं। बावजूद कुल्लू पुलिस, एनआईए, आईबी, सीआईडी और तेलंगाना पुलिस द्वारा की गई अलग-अलग पूछताछ में क्या निकल कर आया है। सभी का मिलान किया जाएगा। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां आबिद के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।
क्रॉस इग्जामिन के बाद इसकी वेरीफिकेशन भी की जाएगी। शनिवार को देर शाम तक पुलिस ने आबिद से पूछताछ का सिलसिला जारी रखा। शनिवार सुबह आईएस एजेंट आबिद की कड़े सुरक्षा के बीच क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मेडिकल जांच की गई। मेडिकल में आबिद पूरी तरह से फीट पाया गया। शनिवार को पुलिस रिमांड का आठवां दिन था। 27 दिसंबर को पुलिस रिमांड खत्म होने तक पुलिस और अन्य खुफिया एजेंसियां इस पूरे प्रकरण को लेकर अपने हाथों को ठोस सबूतों से मजबूत करना चाहती है। वहीं, मौके से बरामद किए गए साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने पर भी पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नजरें टिकी हैं। इसके अलावा लैपटॉप की भी जांच शुरू कर दी है। मोबाइल की कॉल डिटेल आने पर भी कुछ अहम सुराग हाथ लगने की उम्मीद सुरक्षा एजेंसियों को है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू पदम चंद ने कहा कि शनिवार को पुलिस ने आबिद से कड़ी पूछताछ की है। पुलिस ठोस साक्ष्य जुटाने की कोशिश में लगी है।
आईजी ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ बैठक
गिरफ्तार आईएस एजेंट आबिद की पूछताछ के लिए कुल्लू आए मंडी जोन के आईजी अजय कुमार यादव ने इस पूरे प्रकरण और अभी तक हुई पूछताछ को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुलिस समेत सभी खुफिया एजेंसियों के साथ बैठक कर केस की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस को तह तक जाने के लिए आबिद से कड़ी पूछताछ करने को कहा है। आईजी ने मामले में संलिप्त लोगों को भी पूछताछ के लिए थाने में तबल करने के आदेश दिए। पूछताछ में अगर आबिद गुमराह कर रहा है तो इसकी भी जांच करने को कहा है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू पदम चंद ने कहा कि आईजी मंडी ने इस पूरे केस को लेकर जानकारी जुटाई और आगे पूछताछ को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।